home page

स्वाइन फ्लू अलर्ट: बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी को न करें नजरअंदाज,तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह

 | 

फर्रुखाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। स्वाइन फ्लू यानी एच वन एन वन संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। वर्तमान में फर्रुखाबाद जिले में स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोहिया अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त बेड और चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध रखने की तैयारी की गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों में संभावित मरीजों की पहचान, निगरानी और उपचार की व्यवस्था सक्रिय रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाए।

सीएमओ ने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकना, हाथों की नियमित सफाई रखना, बीमार व्यक्ति के निकट संपर्क से बचना तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर आवश्यक सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन लापरवाही भी नहीं बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar