home page

गोरखपुर में ‘स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता’ का शुभारम्भ, 500 से अधिक छात्राें ने लिया हिस्सा

 | 
गोरखपुर में ‘स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता’ का शुभारम्भ, 500 से अधिक छात्राें ने लिया हिस्सा


गोरखपुर, 02 मई (हि.स.)। नगर निगम गोरखपुर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ‘स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता’ का भव्य शुभारम्भ किया गया। मुख्यमंत्री के शहर को स्वच्छता के शिखर पर पहुंचाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में यह अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य स्कूलों को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ छात्रों को स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाना है।

इस पहल के तहत ‘स्वच्छ स्कूल कैंपेन’ को धरातल पर उतारते हुए विद्यालयों में स्वच्छता आधारित प्रतियोगिताओं और स्टार रेटिंग व्यवस्था की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में छात्रों की रचनात्मकता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधि के तहत बच्चों ने प्लास्टिक की बोतलों, पुराने अखबारों और गत्तों से आकर्षक और उपयोगी कलाकृतियां तैयार कीं। वहीं स्लोगन और निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने स्वच्छ शहर के लिए प्रभावशाली संदेश दिए।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में कलर्स पब्लिक स्कूल, जेएनएस अकादमी, बेला पब्लिक स्कूल और एसके चिल्ड्रेन्स अकादमी के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता की शपथ ली। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे स्कूल परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।

नगर निगम ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी 4 मई को पुलिस मॉडर्न स्कूल, सेंट ईश्वी स्कूल, सेंट विवेकानंद जूनियर हाई स्कूल, आदर्श जनता इंटर कॉलेज, आस्था पब्लिक स्कूल और स्प्रिंगर पब्लिक स्कूल में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम गोरखपुर ने नागरिकों से अपील की है कि जिस प्रकार स्कूलों के छात्र-छात्राएं इस अभियान से जुड़ रहे हैं, उसी तरह आमजन भी अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि गोरखपुर को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय