स्वदेशी उत्पादों को घर-घर पहुंचाना मंच का उद्देश्य : अनुपम
सुलतानपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्र संयोजक अनुपम ने स्वदेशी उत्पादों को घर-घर उपयोग करने अपील की। उन्होंने ने कहा कि जब तक स्वदेशी उत्पाद प्रत्येक घर तक नहीं पहुंच जाते, तब तक स्वदेशी जागरण मंच का उद्देश्य पूर्ण नहीं होगा। इसके लिए निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने सुबह उठने से लेकर रात सोने तक स्वदेशी सामानों के प्रयोग की संकल्पना पर जोर दिया, जिसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सामूहिक रूप से प्रयास करना होगा।
नगर के पयागीपुर चौराहे के पास एक निजी होटल में स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत स्वदेशी जागरण मंच का जिला विचार वर्ग कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ताओं के रूप में अश्विनी द्विवेदी (प्रांत कार्यकारिणी सदस्य), अरुण कुमार (प्रांत मेला प्रमुख), विनय (समन्वयक अमेठी), प्रभात जी और प्रयागराज से आए डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने भी स्वदेशी जागरण मंच के उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने पद धावक संजय मिश्रा और अजय सिंह को स्वदेशी जागरण मंच की सदस्यता दिलाई। मंच ने दो महिला उद्यमियों को मुख्य अतिथियों द्वारा अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया।
विचार विभाग प्रमुख डॉ. अशोक मिश्रा ने स्वदेशी जागरण मंच के उद्देश्यों में मीडिया के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रत्येक स्वदेशी वस्तु का प्रचार-प्रसार आवश्यक है, तभी स्वदेशी अपनाने का सपना घर-घर तक पहुंचाया जा सकेगा।
जिला संघ चालक डॉ. एके सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी हमारी रग-रग में बसा है और इस पर सबको मिलकर काम करना चाहिए। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने मंच को जनपद से लेकर ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया, ताकि दत्तोपंथ ठेंगड़ी द्वारा चलाए गए इस कार्यक्रम को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन धर्मेंद्र द्विवेदी विभाग संयोजक स्वदेशी जागरण मंच ने किया। जनपद के सुप्रसिद्ध व्यवसाय एसराज ज्वैलर्स के मालिक सुरेश ने संगठन से जुड़ कर पूर्ण सहयोग से स्वदेशी अभियान को घर घर तक पहुंचने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विभाग सह संयोजक राजीव तिवारी, विभाग महिला प्रमुख नीलमतिवारी, जिला संयोजक एडवोकेट आशीष तिवारी, संरक्षक विजय प्रधान, जिला महिला प्रमुख सुधा सिंह, जिला सह महिला प्रमुख शालिनी, रश्मि, महिला प्रमुख सभासद गिरीश मिश्रा, भुवन सिंह, कादीपुर हेमलता, उर्मिला रिचा मालवीय, दीपक मिश्रा, सुरेंद्र दुबे, डीपी श्रीवास्तव पूजा श्रीवास्तव सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

