युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, पुलिस बोली- शराब और धूप बनी मौत की वजह
झांसी, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बड़ागांव थाना क्षेत्र के बावलटांडा गांव में एक 36 वर्षीय युवक का शव घर के बाहर चबूतरे पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कल्याण अहिरवार के रूप में हुई है। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथमदृष्टया अत्यधिक शराब पीने और धूप में लंबे समय तक पड़े रहने से मौत होने की बात कह रही है। मामले की जांच जारी है।
मृतक की मां रामकुमारी ने बताया कि 24 जून को गांव के दो लोग कल्याण को अपने साथ घर ले गए थे, जहां उसे शराब पिलाई गई। रात में जब वह बेटे को लेने पहुंचीं तो आरोपियों ने थोड़ी देर में भेजने की बात कही। अगले दिन सुबह भी कल्याण उनके साथ ही था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने स्वयं पुलिस को बुलाकर गाली-गलौज की शिकायत की। पुलिस समझाकर लौट गई।
रामकुमारी का आरोप है कि इसके बाद दोनों लोगों ने उनके बेटे की हत्या कर शव घर के बाहर चबूतरे पर फेंक दिया। शाम को जब वह बकरी चराकर लौटीं तो बेटे का शव देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर झांसी में रहने वाले बड़े बेटे करण अहिरवार भी गांव पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
करण ने बताया कि उनके पिता नारायण दास और चाचा शिव सिंह के नाम करीब 22 वर्ष पहले चार बीघा भूमि का पट्टा हुआ था। उसी जमीन को लेकर दो लोगों से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।
बड़ागांव थाना प्रभारी बलराज शाही ने शुक्रवार काे बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की मारपीट के साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि कल्याण ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और धूप में लंबे समय तक पड़े रहने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

