home page

औरैया में संदिग्ध अवस्था में किशोरी की मौत, परिजनों में कोहराम

 | 
औरैया में संदिग्ध अवस्था में किशोरी की मौत, परिजनों में कोहराम


औरैया, 19 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अजीतमल क्षेत्र के ग्राम चकसत्तापुर में एक 18 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान अंजली पुत्री शिशुपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंजली शनिवार को अपने घर के पास कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने जब यह स्थिति देखी तो घबराकर उसे किसी जहरीले कीड़े के काटने की आशंका जताई। इसके बाद परिवारजन उसे झाड़-फूंक कराने के लिए इधर-उधर ले जाने लगे, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

रविवार को परिजन गंभीर हालत में अंजली को चिचौली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला किसी जहरीले कीड़े के काटने का प्रतीत हो रहा है। परिजन पहले झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाते रहे, जिसके कारण समय पर इलाज नहीं हो सका। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार