home page

बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने में न हो कोई कोताही : सुरेश कुमार खन्ना

 | 
बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने में न हो कोई कोताही : सुरेश कुमार खन्ना


लखनऊ, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जलनिकासी में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा की इस घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें त्वरित राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रभारी मंत्री ने अतिवृष्टि से उत्पन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पिछले 16 दिनों से लगातार मोर्चा संभाले महापौर, नगर आयुक्त एवं नगर निगम की टीम तथा जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रियता से जलभराव, सड़क एवं पेयजल संबंधी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा रहा है।

श्री खन्ना ने प्रभावित परिवारों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं राशन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सफाई अभियान, कीटनाशक छिड़काव एवं फॉगिंग पर जोर दिया। उन्होंने राहत कार्यों में सीएसआर के माध्यम से सहयोग कर रहे संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भी सराहना की।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों से पूरी तरह पानी निकलने में लगभग तीन से चार दिन लगने का अनुमान है। इसके बाद भी अगले 10 से 12 दिनों तक राहत, स्वच्छता एवं पुनर्वास अभियान जारी रहेगा, ताकि जनजीवन शीघ्र सामान्य हो सके।

श्री खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर राहत एवं बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, जबकि रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर नागरिकों का हाल जाना है और राहत का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक शासन-प्रशासन राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं आने देगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन