home page

उत्तर प्रदेश के राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि, अक्टूबर में 1,939 करोड़ रुपये की अधिक प्राप्ति

 | 
उत्तर प्रदेश के राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि, अक्टूबर में 1,939 करोड़ रुपये की अधिक प्राप्ति


लखनऊ, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में प्रदेश सरकार को प्रमुख कर-करेत्तर राजस्व मदों से कुल 19 हजार 686 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है। गत वर्ष इसी माह में 17 हजार 747 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार अक्टूबर 2025 की तुलना में अक्टूबर 2026 में राजस्व संग्रह में एक हजार 939 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार काे राजस्व प्राप्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि अक्टूबर 2026 में जीएसटी के अंतर्गत आठ हजार 154 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष यह छह हजार 831 करोड़ रुपये था। इस प्रकार जीएसटी संग्रह में 1,323 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। इसी प्रकार वैट से दाे हजार 705 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जो गत वर्ष के दाे हजार 402 करोड़ रुपये के मुकाबले 303 करोड़ रुपये अधिक है।

वित्त मंत्री ने बताया कि स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में दाे हजार 714 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष दाे हजार 287 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। इस प्रकार 427 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग में राजस्व प्राप्ति 300 करोड़ रुपये से बढ़कर 356 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वर्ष की तुलना में 56 करोड़ रुपये अधिक है।

उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग में अक्टूबर 2026 के दौरान चार हजार 495 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि गत वर्ष चार 508 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई थी। इसी प्रकार परिवहन विभाग में गत वर्ष के एक हजार 419 करोड़ रुपये के मुकाबले इस वर्ष एक हजार 262 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो वर्ष की वृद्धि संबंधी निर्णय का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की प्रारंभिक नियुक्ति चार वर्ष के लिए की गई थी, जिसे अब दो वर्ष और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को नियमित सशस्त्र बलों में समायोजित किए जाने तथा शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों की सेवा अवधि दो वर्ष बढ़ाए जाने का निर्णय स्वागत योग्य है।

खन्ना ने कहा कि इस निर्णय के लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हृदय से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय अग्निवीरों के भविष्य को अधिक सुदृढ़ बनाने तथा देश की सेवा में समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला