बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के मंत्र पर जुटें कार्यकर्ता,विपक्ष के भ्रम का दें जवाब : गिरीश चंद्र यादव
सुलतानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में मिशन-2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में उतरने का आह्वान किया। जिले के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। श्री यादव ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के मंत्र को धरातल पर उतारे। विपक्ष के झूठ और भ्रम फैलाने वाले नैरेटिव का तथ्यों के साथ जवाब दें तथा सोशल मीडिया पर प्रतिदिन सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
बैठक का आयोजन नगर के भाजपा कार्यालय के सभागार मे गुरुवार को किया गया। श्री यादव ने आगे कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज 22 से अधिक राज्यों में सरकार चला रही है और मिशन-2027 भी कार्यकर्ताओं के दम पर ही सफल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस नीट परीक्षा व राम मंदिर जैसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। कांग्रेस व सपा सनातन विरोधी दल हैं।तभी डिंपल यादव राम मन्दिर पर बुलडोजर चलाने की बात करती और कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को नकारती थीं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार जनहित के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में कार्य कर रहा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा। जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने बताया कि बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने भाजपा कोर कमेटी और समन्वय समिति की बैठक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप सिंह एवं आभार विजय त्रिपाठी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर आनंद द्विवेदी, आशीष सिंह रानू, विजय सिंह रघुवंशी, आलोक आर्य, अयोध्या प्रसाद वर्मा, रामेंद्र सिंह राणा, प्रदीप शुक्ल, राजेश सिंह, अरुण जायसवाल, मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

