पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक ने की आत्महत्या, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल
रायबरेली, 27 अप्रैल(हि.स.)। पत्नी की बेवफाई से परेशान युवक ने सोमवार को ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें पत्नी के संबंधों का जिक्र किया है। युवक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गंगागंज में रेलवे लाइन पर एक युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। युवक की पहचान गुरुबक्शगंज क्षेत्र के सलारपुर निवासी गुड्डू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके पहले मृतक युवक का एक वीडियाे तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने आत्महत्या के कारणों का उल्लेख किया है। वीडियो में युवक का कहना है कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध है, जिसका शक उसे पहले से ही था। लेकिन उसने खुद अपनी आंख से नहीं देखा, जिसके कारण उसे इस बात पर पूरी तरह भरोसा नहीं था।
युवक का कहना है कि 24 मार्च को उसने घर के पीछे वाले कमरे में अपनी पत्नी को गांव के ही एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। जिसके बाद से वह अवसाद में रहने लगा। युवक का आरोप है कि उस दिन के बाद से पत्नी किसी न किसी कारण हर दूसरे-तीसरे दिन घर में लड़ाई झगड़ा करती है। इन्हीं सब परेशानियों से तंग आकर वह आत्महत्या कर रहा है।
वीडियो में युवक ने कहा कि मैं पुलिस और योगीजी से अपील करता हूं कि उसका शव बाद में उठाया जाए, उससे पहले आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, उन्हें जिंदा जला दिया जाए या फिर फांसी दे दी जाय। युवक ने ग्राम प्रधान व गांव के अन्य लोगों से भी आरोपितों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

