चीनी की बड़ी कीमतों पर जिलाधिकारी ने थोक विक्रेताओं पर बढ़ाई निगरानी, अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
फर्रुखाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में चीनी का स्टॉक पर्याप्त है। चीनी की कोई कमी नहीं है। यह जानकारी चीनी मिल प्रबंधन कायमगंज ने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को दी। जिलाधिकारी शनिवार को बाजार में चीनी के बढ़ते दामों के दृष्टिगत अधिकारियों संग बैठक कर रही थी।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जीएम चीनी मिल कायमगंज के साथ-साथ जिला फर्रुखाबाद के 10 बड़े स्टॉकिस्ट उपस्थित रहे। बैठक में जीएम चीनी मिल द्वारा सर्वप्रथम अवगत कराया गया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है, चीनी की कोई कमी नहीं है। जनपद में चीनी की एक ही मिल है, जो सरकारी है। मिल पर भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है। आज का चीनी का थोक मूल्य 5900 है।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पूछा कि बड़े स्टॉकिस्ट के स्टॉक की क्या स्थिति है। इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि बड़े स्टॉकिस्ट के पास भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4000 कुंतल की स्टॉक सीमा के अंतर्गत ही है। बड़े स्टॉकिस्ट में से तीन स्टॉकिस्ट की रेंडम तौर पर टीम गठित कर जांच कराई गई, जिनका स्टॉक अनुमन्य सीमा के अंतर्गत ही पाया गया है। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, सभी स्टॉकिस्ट को भारत सरकार के पोर्टल foodstock.dfpd.gov.in पर प्रत्येक शुक्रवार को अपनी स्टॉक को प्रदर्शित किया जाना है।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त स्टॉकिस्ट को निर्देश दिए गए कि गाइडलाइन के अनुसार अपना स्टॉक प्रदर्शित करें तथा जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विभाग अधिकारी को संयुक्त रूप से निर्देशित किया गया की टीम गठित कर रेंडम तौर पर स्टॉक की जांच कराना सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में कोई भी व्यापारी जमाखोरी व कालाबाजारी ना करने पाये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

