प्रदेश के लगभग 12 हजार गांवों में स्थापित हाे रही हैं लाइब्रेरी : ओम प्रकाश राजभर
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। देवरिया में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की जिला स्तरीय कार्यकर्ता समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, मंडल एवं सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही।
बैठक को संबोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और चुनाव में सफलता मजबूत बूथ संगठन पर निर्भर करती है।
उन्होंने जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय संगठनात्मक टीम का गठन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने, उनकी समस्याओं को सुनने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राजभर ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लगभग 12 हजार गांवों में लाइब्रेरी स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। उनका कहना था कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बढ़ाना है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार शिक्षा, ग्रामीण विकास और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में विभिन्न पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ संगठन को आगे बढ़ाने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

