home page

विद्यार्थियों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा : प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी

 | 
विद्यार्थियों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा : प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी


कानपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय और कनिका हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) से ऑप्टोमेट्री के विद्यार्थियों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा तकनीकों, क्लिनिकल प्रशिक्षण और अस्पताल आधारित व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होंगे, जिससे उनके कौशल और रोजगार की संभावनाओं को नई मजबूती मिलेगी। यह बातें शुक्रवार को विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहीं।

आज कुलपति कार्यालय में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय और कनिका हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, कनिका हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. शरद बाजपेई, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, एसोसिएट डीन प्रशासन डॉ. दिग्विजय शर्मा, आईक्यूएसी के एसोसिएट निदेशक डॉ. प्रवीन कटियार, संपत्ति अधिकारी डॉ. प्रवीन भाई पटेल, शिशिर तिवारी और अभिषेक त्रिपाठी मौजूद रहे।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए अस्पताल जाने वाले विद्यार्थियों को मरीजों का डेटा एकत्र कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से उसका विश्लेषण करना चाहिए, ताकि समाज के बेहतर उपचार में उनका योगदान बढ़ सके। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की क्लिनिकल पोस्टिंग की नियमित निगरानी और उनके सीखने की प्रक्रिया का लगातार मूल्यांकन करने का भी आह्वान किया।

कनिका हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. शरद बाजपेई ने कहा कि इस सहयोग से भावी ऑप्टोमेट्रिस्ट आधुनिक नेत्र चिकित्सा प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए स्लिट लैंप, लेंसोमीटर, ट्रायल बॉक्स, ट्रायल फ्रेम और विजन ड्रम जैसे उपकरण भी निःशुल्क उपलब्ध कराए।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों को क्लिनिकल पोस्टिंग, इंटर्नशिप, कौशल विकास प्रशिक्षण, कार्यशालाओं, सेमिनारों, सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों तथा संयुक्त अकादमिक एवं शोध गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। दोनों संस्थान नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, सामुदायिक नेत्र परीक्षण शिविरों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का भी संयुक्त रूप से संचालन करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी और एसोसिएट डीन प्रशासन डॉ. दिग्विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. धीरज कुमार, डॉ. हीना वैश्य, डॉ. चंद्रशेखर कुमार, डॉ. आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉ. उमेश कुमार मौर्य, विश्वदीप मिश्रा, डॉ. संतोष कुमार यादव, दयाशंकर रस्तोगी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप