home page

साइबर सुरक्षा में तकनीकी दक्षता विकसित करें विद्यार्थी : प्रो. राकेश कुमार सिंह

 | 
साइबर सुरक्षा में तकनीकी दक्षता विकसित करें विद्यार्थी : प्रो. राकेश कुमार सिंह


जौनपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ विषय पर आयोजित छह दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मुख्य विषय विशेषज्ञ साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. अनूप गिरधर ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा और सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट के क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में तकनीकी दक्षता विकसित करने के साथ व्यावहारिक ज्ञान हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि और सहभागिता बनी रही तो विश्वविद्यालय भविष्य में और अधिक प्रायोगिक एवं इंडस्ट्री ओरिएंटेड कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। इससे विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा के साथ व्यावहारिक तकनीकी ज्ञान भी मिलेगा।तकनीकी सत्र में डॉ. अनूप गिरधर ने प्रोग्रामिंग की मूलभूत अवधारणाओं से लेकर सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट के तकनीकी पक्षों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट आर्किटेक्चर के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए सुरक्षित और मजबूत एप्लीकेशन के निर्माण में आवश्यक सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।सत्र में हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के तहत विद्यार्थियों को लाइव प्रोग्रामिंग के माध्यम से वर्चुअल मशीन सेटअप करने और कोड में आवश्यक सुरक्षा मानकों को लागू करने का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं तकनीकी गतिविधियों में भाग लेकर सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट की बारीकियां समझीं।कार्यशाला में 90 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस दौरान प्रो. अशोक श्रीवास्तव, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. राजकुमार, डॉ. दिव्येंदु मिश्र, प्रियंका जायसवाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव