पाॅक्सो अधिनियम की जानकारी देकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
जौनपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज के रानी नीता कुँवर सभागार में विद्यार्थियों को पाक्सो अधिनियम-2012 के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अखिलेश्वर शुक्ला ने की। मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश षष्ठम सुरेंद्र प्रताप यादव और विशिष्ट अतिथि डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को पाक्सो अधिनियम के प्रमुख कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार या अप्रिय घटना की जानकारी बच्चों को बिना भय के माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को देनी चाहिए।डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में पीड़ित को उचित न्याय पाने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों और कानून के प्रति सजग रहना चाहिए। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय चौबे ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।पूर्व प्राचार्य प्रो. अखिलेश्वर शुक्ला ने यौन अपराधों में बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए मोबाइल और इंटरनेट के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार से ही सामाजिक समस्याओं का समाधान संभव है। साथ ही विषम परिस्थितियों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और नालसा हेल्पलाइन 15100 का सहयोग लेने की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता लेफ्टिनेंट बृजभूषण यादव ने किया। इस दौरान कॉलेज के शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

