18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी दोपहिया वाहन लेकर स्कूल पहुंचे तो स्कूल संचालकों के विरुद्ध होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
मुरादाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान समिति की बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के संचालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी मोटरसाइकिल, स्कूटी अथवा अन्य दोपहिया वाहन चलाकर विद्यालय आते पाए जाते हैं, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन की भी जवाबदेही निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जनपद में संचालित स्कूली वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस, चालक सत्यापन एवं सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ आनंद निर्मल को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी स्कूली बसों की फिटनेस का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में सड़क सुरक्षा क्लब का अनिवार्य रूप से गठन किया जाए तथा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली वाहनों का संचालन करने वाले सभी चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं तथा विद्यालयवार सभी चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी रीना वालिया, जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर, शहर जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

