युवाओं के प्रेरणास्रोत थे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: अवधेश द्विवेदी
लखनऊ, 10 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र द्वारा शुक्रवार को पंचायती राज सभागार, पुरनिया चौराहा, लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पखवाड़ा के उपलक्ष्य में छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के संकल्प को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया। उनका त्याग, संघर्ष और बलिदान प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके राष्ट्रवाद, सेवा, त्याग और समर्पण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन के प्रत्येक क्षण को भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं का दायित्व है कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश की सेवा के लिए आगे आएं। उक्त कार्यक्रम मे बाबू बनारसी दास, सिटी लॉ कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों से बड़ी संख्या में आए छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में अवध क्षेत्र युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नितिन मित्तल,बीबीडी ग्रुप के विराज सागर दास, अमित गुप्ता, विनोद कुमार सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

