home page

महिला की धमकी से परेशान छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

 | 

दो दिन पहले दरवाजे पर बैठने को लेकर हुआ था विवाद

बांदा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पड़ोसी महिला की कथित धमकी से परेशान 16 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के प्रभाकर नगर निवासी शिवचरण सोनी की 16 वर्षीय पुत्री वैष्णवी उर्फ लक्ष्मी कक्षा 11 की छात्रा थी। सोमवार को उसने घर के अंदर दरवाजा बंद कर लोहे के एंगल से मां की साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर किशोरी को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले वैष्णवी पड़ोस की एक महिला के दरवाजे पर बैठी थी। इसको लेकर महिला ने उसे वहां बैठने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। मृतका के चाचा बबलू का आरोप है कि विवाद के बाद महिला ने वैष्णवी को धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि इसी बात से वह परेशान थी।

बताया गया कि वैष्णवी तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके माता-पिता इंदौर में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और मां शीला का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह