home page

औरैया : गहरे कुएं में गिरीं दो नाबालिग युवतियां, सकुशल रेस्क्यू

 | 
औरैया : गहरे कुएं में गिरीं दो नाबालिग युवतियां, सकुशल रेस्क्यू


औरैया, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना सहार क्षेत्र के ग्राम जीवा सिरसानी में बुधवार को दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब खेतों में बने गहरे कुएं में गिरकर दो नाबालिग युवतियां घंटों तक फंसी रहीं। समय रहते ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

जानकारी के अनुसार, सुहाना (16) पुत्री मनोज और नन्हीं (15) पुत्री मनोज आज दोपहर करीब 2 बजे गाँव के बाहर खेतों की ओर गई थीं। इसी दौरान ब्रह्मदेव थान के पास स्थित एक पुराने और गहरे कुएं के पास अचानक तेज हवा का झोंका आया, जिससे दोनों संतुलन खो बैठीं और कुएं में जा गिरीं। लगभग 4 फिट पानी भरे कुएं में जान बचाने के लिए दोनों चीखने लगी। सुनसान इलाका होने के कारण उनकी पुकार किसी तक नहीं पहुँच सकी और करीब 3 से 4 घंटे तक कुएं में फँसी रहीं। शाम करीब 5 बजे ग्राम बराऊ के कुछ ग्रामीण बकरी चराते हुए वहाँ पहुँचे, तभी उन्हें कुएं से आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो दो युवतियां मदद के लिए पुकार रही थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और सहार पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों नाबालिग युवतियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले और असुरक्षित कुओं को जल्द से जल्द ढकवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार