home page

नगर आयुक्त ने मोहर्रम जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

 | 
नगर आयुक्त ने मोहर्रम जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश


गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)। मोहर्रम त्यौहार को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गोरखपुर के नगर आयुक्त अजय जैन ने नगर निगम की टीम के साथ जुलूस मार्ग का रविवार को व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान इमामबाड़ा से लेकर कर्बला तक पूरे रूट का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, जोनल सेनेटरी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने घंटाघर से विरासत गलियारा, इमामबाड़ा से बक्सीपुर, आर्यनगर चौक, चरणलाल चौक, जाफरा बाजार होते हुए घासीकटरा स्थित कर्बला तक पूरे जुलूस मार्ग का पैदल और वाहन से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जुलूस मार्ग पर अस्थाई पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि रात के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही पूरे रूट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने और कहीं भी गंदगी न रहने देने पर जोर दिया।

मार्ग पर पड़े मलबे और निर्माण अवशेषों को तत्काल हटाकर नगर निगम के महेसरा स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट सेंटर पर भिजवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुलूस मार्ग पर घूम रहे गौवंश को हटाने के लिए संबंधित टीमों को सक्रिय करने को कहा गया, जिससे जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इसके अलावा नगर आयुक्त ने जुलूस मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग से समन्वय कर उन्हें ऊंचा कराने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।

नगर निगम की ओर से मोहर्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का दावा किया गया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जुलूस के दौरान व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय