जलभराव की समस्या पर सख्त हुआ नगर निगम, नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण
गोरखपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। शहर में जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार काे नगर आयुक्त ने जोन संख्या 03 के वार्ड संख्या 79 सिविल लाइंस प्रथम क्षेत्र में जलभराव वाले स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सहायक नगर आयुक्त/जोनल अधिकारी रवि कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन ने गणेश चौक से ऐशप्रा ज्वेलर्स, सिटी मॉल, अलंकार ज्वेलर्स होते हुए एचपी पब्लिक स्कूल, इनकम टैक्स ऑफिस, गोरखपुर क्लब, वीसी बंगला स्टोर से होते हुए अम्बेडकर चौराहा से शास्त्री चौराहे तक पैदल भ्रमण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण में कई स्थानों पर नालों में सिल्ट, कूड़ा और प्लास्टिक भरा हुआ पाया गया, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी। नालों की तल्लीझार सफाई न होने के कारण पानी का बहाव रुक गया था, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोनल अधिकारी और सफाई निरीक्षक को निर्देशित किया कि जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ सफाई कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाए, ताकि सभी नालों की विधिवत तल्लीझार सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु किया जा सके।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जलभराव की समस्या को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सफाई कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां-जहां समस्या है, वहां तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को जल्द ही जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

