home page

होली-ईद से पहले खाद्य सुरक्षा का सख्त अभियान, 5.14 लाख रुपये की सामग्री सीज

 | 
होली-ईद से पहले खाद्य सुरक्षा का सख्त अभियान, 5.14 लाख रुपये की सामग्री सीज


कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों की सेहत सर्वोपरि है और शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनपद में सतत निरीक्षण और सघन अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कही।

आगामी होली और ईद पर्व को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए और बड़ी मात्रा में सामग्री सीज की।

अभियान के तहत कुल नौ नमूने नियमानुसार लिए गए। ओमपुरवा क्षेत्र से पनीर और घी के नमूने एकत्र किए गए। पनकी क्षेत्र में मिक्स रंगीन कचरी की 980 किलोग्राम खेप, जिसकी अनुमानित कीमत 67,200 रुपये है, सीज की गई। रावतपुर गांव क्षेत्र से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और घाटमपुर से आए मिल्क केक के नमूने लिए गए।

इसी तरह एक कोल्ड स्टोरेज में भंडारित 2,357 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.47 लाख रुपये बताई गई, को नमूनों के साथ सीज किया गया। अन्य स्थानों से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए।

सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को मानक अनुरूप सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं आमजन से मिलावट की सूचना तत्काल देने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप