home page

सपा सांसद नरेश उत्तम के आवास पर तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हो : राजाराम पाल

 | 
सपा सांसद नरेश उत्तम के आवास पर तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हो : राजाराम पाल


कानपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम के घर पर हुआ हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधि के सम्मान पर सीधा प्रहार है। इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। दिव्यांश हत्याकांड का खुलासा हो चुका है, लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। सपा कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। कानून का एक समान पालन ही लोकतंत्र को मजबूत करता है।

यह बातें शुक्रवार को पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कही। जनपद में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल काे राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपकर पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल के आवास पर हुए कृत्य को प्रमुख मुद्दा बनाया। सपा नेताओं ने इस घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मांग पत्र में बताया गया कि 17 अप्रैल को पूर्व सांसद नरेश उत्तम पटेल के दामोदर नगर, बर्रा स्थित आवास पर उनकी अनुपस्थिति में भाजपा ने महिलाओं को आगे कर गाली-गलौज, धमकी तथा जबरन घर में घुसने का प्रयास किया गया था। आरोप है कि घर के बाहर लगे पोस्टर-बैनर फाड़े, नेम प्लेट के साथ अभद्रता की और महापुरुषों के चित्रों का अपमान किया। सपा ने इसे न केवल एक आपराधिक घटना बल्कि जनप्रतिनिधि के अधिकारों और सम्मान का उल्लंघन बताया है।

सपा नेताओं का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उपद्रव होता रहा, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े होते हैं। पार्टी ने इस पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, दिव्यांश हत्याकांड के मामले में सपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रकरण का खुलासा हो चुका है और पार्टी कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि जिस प्रकार विपक्ष के लोगों पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, उसी प्रकार सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर भी समान रूप से कानून लागू होना चाहिए। किसी भी प्रकार की हिंसा और अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

मुलाकात के दौरान विधायक नसीम सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी, हसन रूमी, पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी, सतीश निगम पूर्व विधायक प्रत्याशी फतेह बहादुर गिल और पार्षद अर्पित यादव सहित कई नेता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप