home page

मिलावटी खाद्य सामग्री पर सख्त कार्रवाई जारी, अवैध मोमोज-चटनी इकाई सील

 | 
मिलावटी खाद्य सामग्री पर सख्त कार्रवाई जारी, अवैध मोमोज-चटनी इकाई सील


कानपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री बनाने वालों और गंदगी में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह बातें शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा ने कही।

जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी क्षेत्रों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

आज भूरे पुरवा, राजेन्द्र पुरम, नौबस्ता स्थित एक अवैध रूप से संचालित मोमोज एवं चटनी निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा व डॉ. देवेन्द्र सिंह आजाद की टीम ने कार्रवाई की।

जांच के दौरान प्रतिष्ठान में मोमोज एवं चटनी का निर्माण बेहद गंदी, अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में होता मिला। स्थिति को गंभीर मानते हुए इकाई को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

मौके पर दुर्गंधयुक्त मोमोज व रंगीन चटनी के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही करीब 20 किलोग्राम मोमोज एवं 20 लीटर रंगीन चटनी को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद कानपुर नगर में मिलावटी खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप