अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, 05 नामजद समेत 200 के खिलाफ मुकदमा
जौनपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित केराकत कोतवाली अंतर्गत नगर क्षेत्र में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उस समय हमला हो गया, जब अभियान के दौरान कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। घटना में पेसारा के नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव घायल हो गए, जबकि बुलडोजर का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में पांच नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के निर्देश पर नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिव सब्जी पुरानी मंडी से शुरू हुआ अभियान सरायबीरू चौराहा, कोतवाली चौराहा, तहसील रोड और पुराना चौराहा बाजार तक चला। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे, अवैध टीन शेड, बैनर और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
अचानक शुरू हुई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि नगर पंचायत की टीम ने अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
इसी दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और स्थिति पथराव में बदल गई। पथराव में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट लग गई। उपद्रवियों ने बुलडोजर का शीशा भी तोड़ दिया और चालक के साथ मारपीट का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सना सगीर और नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पांच नामजद तथा करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी सना सगीर, उपनिरीक्षक मोहम्मद सलीम, नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार ने बताया कि घटना को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है आरोपियों की पहचान किया जा रहा है जल्द ही आरोपितों को पकड़ा जाएगा। सीसीटीवी कैमरे से उनकी पहचान की जा रही है अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

