नाक-कान-गला रोगों में बढ़ोतरी पर सतर्क रहें, समय पर जांच जरूरी : डॉ. आर.एस. सिंह
कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। बदलते मौसम में नाक, कान और गले से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में समय पर जांच और परामर्श बेहद जरूरी है। लापरवाही बरतने पर छोटी समस्याएं भी गंभीर रूप ले सकती हैं, इसलिए नियमित जांच कराना जरूरी है। यह बातें ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. सिंह ने कहीं।
श्री द्वारिका प्रसाद भार्गव धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशन तथा दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोपाल भार्गव, मंत्री गोविंद भार्गव एवं संयोजक डॉ. आर.आर. भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कुल 386 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनकी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर दवाएं वितरित की गईं।
शिविर में मधुमेह (डायबिटीज), ब्लड प्रेशर, बीएमआई (मोटापा) जांच, ईसीजी के माध्यम से हृदय परीक्षण, स्त्री एवं सामान्य स्वास्थ्य परामर्श, प्रोस्टेट व लीवर जांच, न्यूरोपैथी टेस्ट, डाइटिशियन परामर्श तथा रीढ़ (स्पाइन) से जुड़ी समस्याओं की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही नेत्र जांच के दौरान मोतियाबिंद के मरीजों को चिन्हित कर ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिसमें जे.एल. रोहतगी हॉस्पिटल का सहयोग रहा।
एलम्को के सहयोग से 27 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण के लिए चिन्हित किया गया। वहीं ट्रस्ट की ओर से निम्न आय वर्ग के 20 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. आर.आर. भार्गव ने बताया कि ट्रस्ट लगातार समाज सेवा के कार्यों में जुटा है और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
संस्था के मंत्री गोविंद भार्गव ने कहा कि ट्रस्ट का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जाएं और इस तरह के शिविरों के माध्यम से लोगों को राहत दी जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

