home page

राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई, दिए निर्देश

 | 

रायबरेली,04फ़रवरी(हि.स.)।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुनम द्विवेदी ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न व उनकी समस्याओं से जुड़े मुद्दो के बारे में अधिकारियों से समीक्षा की।

अधिकारियों के साथ जन सुनवाई करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य ने घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, वैवाहिक समस्या, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा व रोजगार आदि संबंधी शिकायत सुनी। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये और कहा कि सभी प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न व महिला से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध तरीके से किया जाये। महिला जन सुनवाई के दौरान 13 शिकायतें प्राप्त हुईं जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत महिला आयोग सदस्य द्वारा उपस्थित लोगों को ‘‘बाल विवाह मुक्त भारत’’ अभियान की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबेर्दुरहमान, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विधिक सेवा प्राधिकारण के अधिकारियों सहित हब फाॅर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन टीम से जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे