बाराबंकी में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज
बाराबंकी, 28 सितंबर (हि.स.)। पुलिस लाइंस परिसर में सोमवार को राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 450 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा और संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने विभिन्न तीरंदाजी स्पर्धाओं में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

