home page

विजय नगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक सड़क निर्माण जल्द शुरू कराएं : नगर आयुक्त

 | 
विजय नगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक सड़क निर्माण जल्द शुरू कराएं : नगर आयुक्त


कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। विजय नगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक खराब सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। टूटे नाले की मरम्मत के लिए 15 दिन में काम शुरू हो और सर्विस लेन की सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। यह निर्देश बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-5 और जोन-6 के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।

नगर आयुक्त ने वार्ड-33 विजय नगर और वार्ड-57 पनकी स्वराज नगर के साथ हैलट अस्पताल, नरेंद्र मोहन सेतु, जेके मंदिर, लाजपत नगर, मरियमपुर चौराहा, चैन फैक्ट्री चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, विजय नगर और अर्मापुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। विजय नगर से डबल पुलिया तक सड़क जगह-जगह खराब और गड्ढों वाली मिली। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में होने पर नगर आयुक्त ने प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को विजय नगर से नमक फैक्ट्री चौराहे तक सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

विजय नगर कपड़ा मंडी के पीछे 215 से 218 ब्लॉक के बीच नाला टूटा मिला। पार्षद ने बताया कि इसी नाले से पूरे क्षेत्र का पानी रफाका नाले तक जाता है। नगर आयुक्त ने पत्रावली स्वीकृत कराने, निविदा प्रक्रिया पूरी करने और 15 दिन में मरम्मत कार्य शुरू कराने को कहा।

विजय नगर सब्जी मंडी चौराहे की सर्विस लेन कूड़े से भरी मिली। क्षेत्र में करीब 22 सर्विस लेन होने की जानकारी पर नगर आयुक्त ने सफाई के लिए 20 अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था संबंधी पत्रावली तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सब्जी मंडी से विजय नगर सीसी रोड का स्तर फुटपाथ से ऊंचा होने और मस्जिद की ओर नाली व फुटपाथ व्यवस्थित न होने पर इन्हें सड़क के स्तर के अनुरूप ठीक कराने को कहा।

विजय नगर के 10 नंबर प्लाट के सामने फुटपाथ पर अतिक्रमण मिला। नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अम्बेडकर नगर सामुदायिक केंद्र की खराब स्थिति पर उन्होंने उसी दिन जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार करने, वाटर कूलर और प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा। सामुदायिक शौचालय के जीर्णोद्धार की कार्रवाई स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराने के निर्देश भी दिए।

पनकी स्वराज नगर में एमआईजी तिराहा से पनकी बाजार मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और जलभराव की समस्या की समीक्षा की गई। चौड़ीकरण में केस्को के खंभे और हाईटेंशन लाइन बाधा बनने पर केस्को से समन्वय कर खर्च का आकलन और कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

पनकी में जलभराव के स्थायी समाधान के लिए एनडीएमए के तहत सर्वे कराया जा चुका है। प्रस्तावित डीपीआर में संपवेल और पाइपलाइन के जरिए पानी पांडु नदी तक पहुंचाने की योजना है। नगर आयुक्त ने सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप