home page

साइबर अपराध पर सख्ती, थानों के हेल्प डेस्क कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

 | 
साइबर अपराध पर सख्ती, थानों के हेल्प डेस्क कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण


गोरखपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने मंगलवार काे रिजर्व पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर थानों पर नियुक्त साइबर हेल्प डेस्क पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोष्ठी में एसएसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध के नेतृत्व में साइबर क्राइम सेल व अपराध शाखा की टीम द्वारा MRM, GRM, OCWC एवं JMIS पोर्टल पर की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों को इन पोर्टलों के माध्यम से शिकायतों के पंजीकरण, ट्रैकिंग और त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

गोष्ठी में जनपद के सभी थानों पर नियुक्त साइबर हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर अपराधों के प्रति पुलिस की तत्परता बढ़ाना और आमजन को त्वरित न्याय दिलाना बताया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय