home page

वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम : बांके बिहारी के दरबार में पहुंचीं अभिनेत्री रश्मि देसाई, दर्शन कर हुईं भावविभोर

 | 
वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम : बांके बिहारी के दरबार में पहुंचीं अभिनेत्री रश्मि देसाई, दर्शन कर हुईं भावविभोर


आध्यात्मिक शांति और अलौकिक आनंद की अनुभूति हुई है : रश्मि देसाई

मथुरा, 04 सितम्बर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वृंदावन में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के साथ-साथ जानी-मानी हस्तियों का पहुंचना जारी है। फिल्म और टीवी अभिनेत्री रश्मि देसाई शुक्रवार को वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्वविख्यात श्री बांके बिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

बांके बिहारी के दर्शन करते ही अभिनेत्री भावविभोर नजर आईं। मंदिर के अलौकिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच ठाकुरजी की छवि को निहारते हुए उनके चेहरे पर गहरी भक्ति के भाव साफ दिखाई दे रहे थे। दर्शन के उपरांत रश्मि देसाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी लंबे समय से बांके बिहारी के दरबार में आने की इच्छा थी। उन्होंने कहा, मैंने कुछ नहीं सोचा था कि दर्शन कैसे होंगे, लेकिन उनके मन से ही सब कुछ होता है और सभी इच्छाएं पूरी हो जाती हैं। मेरे लिए यह बहुत बड़ा उत्सव है।

अभिनेत्री ने बताया कि ठाकुरजी के दरबार में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और अलौकिक आनंद की अनुभूति हुई है, जो उनके लिए बेहद खास और भावुक करने वाला क्षण रहा। दर्शन के दौरान मंदिर के सेवायत गोस्वामी ने उनका स्वागत किया और उन्हें ठाकुरजी का प्रसाद, प्रसादी अंगवस्त्र तथा मोरपंख भेंट किया। रश्मि देसाई ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद और अंगवस्त्र स्वीकार किए। जन्माष्टमी के इस खास मौके पर वृंदावन पहुंची अभिनेत्री पूरी तरह बांके बिहारी की भक्ति में रंगी नजर आईं और मंदिर से बाहर निकलते समय भी उनके चेहरे पर दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार