श्रावस्ती: एसडीआरएफ ने जलभराव में फंसे 14 नागरिकों का किया सुरक्षित रेस्क्यू
श्रावस्ती, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर सोमवार को एसडीआरएफ की दो टीमों ने जलभराव में फंसे 14 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम को सोमवार दोपहर 11 बजे सूचना मिली कि तहसील इकौना क्षेत्र के मझौवा सुमाल में खेत की रखवाली करने गए किसान हनुमान मौर्य जलभराव के बीच फंस गए हैं। मध्यनगर में दो परिवारों के 13 लोग पानी के बीच फंसे होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा को तत्काल एसडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर भेजकर सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और जलभराव में फंसे सभी 14 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों के साथ फंसे पशुओं को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी इकौना रावेन्द्र कुमार, तहसीलदार इकौना सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। सुरक्षित निकाले गए नागरिकों ने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के जवानों का आभार जताया। जिला प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में राहत-बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

