खेलाें से मिलती है अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सीख : गिरीश चन्द्र यादव
जौनपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में सत्र 2024-25 का खिलाड़ी सम्मान समारोह गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। खेलकूद परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरीश चन्द्र यादव (राज्यमंत्री, खेल एवं युवा कल्याण विभाग) उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना सिखाता है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा खेलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने की। उन्होंने विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र राष्ट्रीय स्तर पर लगातार संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. समर बहादुर सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेलकूद परिषद के पूर्व सचिवों को भी सम्मानित किया गया। परिषद के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार राय एवं सचिव प्रो. शेखर सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया।विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने सत्र 2024-25 में अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में कुल 11 पदक (1 स्वर्ण, 4 रजत, 6 कांस्य) जीते। वहीं क्रिकेट, कबड्डी, बैडमिंटन सहित विभिन्न अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए।समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

