खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में विद्या भारती की महत्वपूर्ण भूमिका : गिरीश चंद्र यादव
सुलतानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को सुलतानपुर में विद्या भारती काशी प्रांत की 37वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने में विद्या भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, सिरवारा मार्ग मे किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जर्जर स्कूल भवनों के सुधार को लेकर सरकार गंभीर
पत्रकारों से बातचीत में जिले के जर्जर विद्यालय भवनों और परिसरों से संबंधित सवाल पर खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। प्राथमिक विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से आवश्यक सुधार कराए जा रहे हैं, जबकि माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों की अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अलंकार योजना संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हाल में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि जिले में जर्जर विद्यालय भवनों को चिह्नित कर उनकी स्थिति का आकलन कराया जाए और आवश्यकतानुसार प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए।
जन्माष्टमी के मुद्दे पर विपक्ष पर पलटवार
सुलतानपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती बसपा और सपा सरकारों के कार्यकाल में थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस लाइनों में जन्माष्टमी के आयोजन को लेकर रोक की स्थिति रहती थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनने के बाद थानों और पुलिस लाइनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन धूमधाम से शुरू हुआ। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष की सोच नकारात्मक है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को पहले मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण, अयोध्या में प्रभु श्रीराम और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने चाहिए और उसके बाद ऐसे विषयों पर अपनी बात रखनी चाहिए।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर , विद्या भारती काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र तथा प्रांतीय खेलकूद संयोजक अजीत उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

