home page

मुरादाबाद में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत एक हजार संकटग्रस्त बच्चों को प्रतिमाह मिल रहे चार हजार

 | 
मुरादाबाद में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत एक हजार संकटग्रस्त बच्चों को प्रतिमाह मिल रहे चार हजार


मुरादाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जिले के 1000 संकटग्रस्त बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना के तहत आवेदन करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन की गई है। यह सुविधा 18 साल की उम्र तक मिलेगी।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी शिवांगी शर्मा के अनुसार स्पॉन्सरशिप योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अनाथालयों में जाने से रोकना है। उन्हें परिवार-आधारित देखभाल (फैमिली-बेस्ड केयर) प्रदान करना है। योजना में ऐसे बच्चों को शामिल किया जाता है जिनके माता-पिता दोनों या पिता का देहांत हो चुका है। इसके अलावा, तलाकशुदा या परित्यक्त माताओं के बच्चों, और ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता किसी गंभीर जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं। शारीरिक या मानसिक रूप से विकलांग हैं। उनको भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

बाल विवाह रोकने के लिए सक्रिय पूरी टीम

जिला बाल संरक्षण अधिकारी का कहना है कि जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने के लिए भी पूरी टीम सक्रिय है। बाल विवाह की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की पूरी टीम और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी तुरंत मौके पर पहुंचती है। रेस्क्यू से लेकर बच्चों की काउंसलिंग तक की संपूर्ण कानूनी कार्रवाई करती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल