तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बिजली के पोल से टकराकर पलटी, एक की मौत
नोएडा, 09 मई (हि.स.)। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंबे से टकराकर सड़क पर कई बार घूमती हुई दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कल्चर हॉस्टल के समीप स्कॉर्पियो का चालक सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी को चला रहा था। इस दौरान चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई और सड़क पर कई चक्कर काटती हुई दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक ऋषभ निवासी जट्टारी अलीगढ़ को मृत घोषित कर दिया। उसका साथी गुरुदेव उर्फ गोलू का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घायल गोलू जट्टारी अलीगढ़ का रहने वाला है। पूर्व में दोनों युवकों ने नॉलेज पार्क के एक कॉलेज से पढ़ाई की थी। दोनों यहां किसी काम से आए थे। इसी बीच दुर्घटना के शिकार हो गए।
इस भयंकर दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उसमे दिख रहा है कि तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर कई चक्कर काटने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई है। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान गाड़ी में तेज आवाज में सायरन बज रहा था। यह गाड़ी अलीगढ़ के किसी नेता के भतीजे की बताई जा रही है। गाड़ी में पार्टी का झंडा और स्टीकर भी लगा था। पुलिस इसके बारे में जानकारी कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ। जहां यह हादसा हुआ वहां तिराहा है। चालक गाड़ी को दूसरी तरफ मोड़ रहा था, इस बीच वह नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सामने बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित हो गई।
थाना प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

