सड़क काम में तेजी और सफाई व्यवस्था करें दुरुस्त : जिलाधिकारी
कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में शुक्रवार को सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण तय समय में पूरा करने के साथ शहर में कहीं भी कूड़ा सड़क पर नहीं दिखना चाहिए।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जोन तीन में दीप सिनेमा के पास निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 3.10 किलोमीटर लंबी सड़क का विकास और सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। इसमें सड़क के साथ जल निकासी और जरूरी सुविधाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। परियोजना के लिए सितंबर में 924.84 लाख रुपये की दूसरी किस्त स्वीकृत हुई है।
कार्यदायी संस्था ने बताया कि काम पूरा होने में नवंबर तक का समय लग सकता है। इस पर जिलाधिकारी ने हर हाल में 30 अक्टूबर तक काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दीपावली से पहले सड़क को पूरी तरह व्यवस्थित करने और निर्माण में तय तकनीकी मानकों का पालन करने को कहा। सड़क पर कराए जा रहे ऊपरी सतह के निर्माण की गुणवत्ता भी मौके पर जांची गई, जो संतोषजनक मिली।
इसके बाद गौशाला चौराहे के पास कूड़ा संवेदनशील स्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पहले यहां कूड़ा सड़क तक फैल जाता था। अब व्यवस्थित कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की गई है और एकत्र कूड़े को निर्धारित स्थल से उठाकर पास के कूड़ा स्थानांतरण केंद्र भेजा जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कूड़ा सड़क तक नहीं पहुंचना चाहिए। जरूरत के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती और सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई करने को कहा।
जूही क्षेत्र में भी कूड़ा संग्रहण और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने नियमित कूड़ा उठान और लगातार निगरानी के निर्देश दिए। आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा जरूरत पड़ने पर दो पालियों में कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण और सफाई कार्यों में गति, गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता न हो। संबंधित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर काम की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करें।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

