home page

पर्वों से पहले सड़कों को दुरुस्त करने में तेजी लाएं, सफाई में लापरवाही पर हाेगी कार्रवाई : अर्पित उपाध्याय

 | 
पर्वों से पहले सड़कों को दुरुस्त करने में तेजी लाएं, सफाई में लापरवाही पर हाेगी कार्रवाई : अर्पित उपाध्याय


कानपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। आगामी पर्वों और यातायात के दबाव को देखते हुए शहर की सड़कों की पैच मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से पूरा कराया जाए। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।

नगर आयुक्त ने शहर में सड़कों की पैच मरम्मत, सड़क सुदृढ़ीकरण और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नमक फैक्ट्री चौराहे पर सड़क की स्थिति खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से वार्ता कर सड़क का रेस्टोरेशन तत्काल कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में है, लेकिन इस मार्ग पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है।

वार्ड-25 स्थित आवास विकास डबल रोड पर चल रहे पैच मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय निवासियों ने कार्य पर संतोष जताते हुए सड़क के दूसरी ओर भी पैच मरम्मत कराने की मांग की। नगर आयुक्त ने सड़क के दोनों ओर और साइड पटरी पर पैच कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मार्ग पर नालियां भरी हुई मिलीं और कूड़ाघर पर काफी मात्रा में कूड़ा पाया गया। आंतरिक गलियों में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई पर्यवेक्षक राकेश को कारण बताओ नोटिस जारी करने और सफाई कर्मचारी शुभम पत्र बाबूलाल का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही तत्काल सफाई कराकर जियोटैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा।

जोन-6 में बगिया क्रासिंग से केसा चौराहे तक बन रही सीएम ग्रिड रोड का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर फुटपाथ पर स्टैम्प कंक्रीट का कार्य मशीन से होता मिला। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अक्टूबर तक मार्ग का कार्य पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम कराने और सड़क रेस्टोरेशन शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

गीता नगर में हरी गर्ल्स हॉस्टल से देवकी चौराहे तक जल निगम द्वारा काटी गई ट्रंच लाइन के कार्य की गुणवत्ता की भी जांच की गई। मौके पर एक स्थान पर खुदाई कराकर कार्य की थिकनेस जांची गई, जो मानक के अनुरूप पाई गई। नगर आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क किनारे जलभराव की समस्या से भी नगर आयुक्त को अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि कूड़ाघर के नीचे से गुजर रही नाली ध्वस्त होने के कारण जल निकासी प्रभावित है। इस पर तत्काल नाली की मरम्मत शुरू कराने और तीन दिन के भीतर जलभराव का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए गए।

देवकी चौराहे पर मेट्रो द्वारा कराई जा रही नाले की सफाई का औचक निरीक्षण भी किया गया। मौके पर कर्मचारी लंच पर होने के कारण कार्य बंद मिला। नगर आयुक्त ने मेट्रो के नाला सफाई कार्य की निरंतर निगरानी के लिए एक अभियंता की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही मेट्रो का कार्य पूरा होने के बाद नगर निगम द्वारा आगे की सफाई तत्काल शुरू करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप