चार ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की सैर कराएगी भारत गौरव ट्रेन
गोरखपुर से 17 अगस्त को रवाना होगी विशेष ट्रेन, 10 दिन में कई तीर्थ और पर्यटन स्थलों का भ्रमण
गोरखपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। सावन के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी खास धार्मिक यात्रा का अवसर लेकर आया है। गोरखपुर से 17 अगस्त को रवाना होने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रियों को चार ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने के साथ गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भी सैर कराएगी। नौ रात और 10 दिन की यात्रा पूरी कर ट्रेन 26 अगस्त को गोरखपुर लौटेगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन, द्वारका, सोमनाथ सहित कई प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। गुजरात का विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी इस यात्रा का विशेष आकर्षण होगा।
गोरखपुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक एस.पी. सिंह ने बताया कि ट्रेन 17 अगस्त को सुबह नौ बजे गोरखपुर जंक्शन से रवाना होगी। यात्री मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुलतानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर से भी ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
निर्धारित पड़ावों से होते हुए ट्रेन उज्जैन पहुंचेगी। इसके बाद विश्वामित्री, राजकोट, द्वारका और वेरावल होते हुए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। वापसी में 26 अगस्त को ट्रेन रात 11:55 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 14 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें सात स्लीपर, एक एसी टू टियर और तीन एसी थ्री टियर कोच होंगे। साथ ही पैंट्री कार और दो जनरेटर सह लगेज यान भी रहेंगे। यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर यात्रियों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे।
टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी के गोमतीनगर, लखनऊ कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी टूरिज्म की वेबसाइट से की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

