home page

वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए फुफुआर गांव में चला विशेष अभियान : अरुण कुमार सिंह

 | 
वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए फुफुआर गांव में चला विशेष अभियान : अरुण कुमार सिंह


कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.) विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सरसौल ब्लॉक के फुफुआर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान 60 घरों का सर्वेक्षण और जल स्रोतों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कोई भी लार्वा पॉजिटिव नहीं मिला। टीम ने साफ-सफाई, जलभराव रोकने और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यह बातें बुधवार को जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कही।

कानपुर नगर के ग्रामीण क्षेत्र सरसौल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम फुफुआर के सुई थोक में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत व्यापक गतिविधियां संचालित की गईं। जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशान्त कुमार वर्मा, आईएफडब्ल्यू अरविन्द कुमार एवं रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकान्त की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपाय बताए।

अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता मीरा देवी को घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। टीम ने पिछले वर्ष डेंगू से प्रभावित व्यक्ति के घर पहुंचकर परिवार से बातचीत की और रोग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही आशा द्वारा किए गए कार्यों का सत्यापन भी किया गया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

टीम द्वारा पंपलेट वितरण, घरों पर स्टीकर चस्पा करने के साथ-साथ ग्रामवासियों के साथ बैठक कर रोगों की रोकथाम पर चर्चा की गई। कुल 60 घरों का सर्वेक्षण एवं 168 जल पात्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला।

निरीक्षण के दौरान नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य होते पाए गए। पशुपालन विभाग ने पशुओं को आबादी से दूर रखने और सूकर पालन को लेकर जागरूक किया, जबकि कृषि रक्षा विभाग ने स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी।

अभियान के अंतर्गत सोर्स रिडक्शन, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे और लार्वीसाइडल गतिविधियां कराई गईं। लोगों को जलभराव न होने देने, जमा पानी हटाने, मच्छररोधी क्रीम के उपयोग और शरीर ढककर रखने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि संचारी रोगों से संबंधित किसी भी सूचना के लिए यूएचएम चिकित्सालय परेड स्थित कंट्रोल रूम या नगर निगम हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं, जहां से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप