home page

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर रहे विशेष नजर : जिलाधिकारी

 | 
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा पर रहे विशेष नजर : जिलाधिकारी


कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए वाहनों की नियमित जांच के साथ चालकों का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण प्राथमिकता से कराया जाए। छात्राओं और बालिकाओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दिए।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभागवार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले के 313 विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए 1097 वाहन संचालित हैं। जिलाधिकारी ने इन वाहनों के चालकों के चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल स्कूल से संबद्ध वाहनों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। टेंपो, ई-रिक्शा और अन्य निजी वाहनों से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की भी नियमित निगरानी हो। किसी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की अनुमति न दी जाए। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी ने मृत्यु वाली प्रत्येक सड़क दुर्घटना का डेथ ऑडिट कराने को कहा। अधिकारियों को घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों से बातचीत कर हादसे के वास्तविक कारण पता करने और उसके आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने सड़क किनारे और मोड़ों पर उगी झाड़ियों की नियमित कटाई कराने को कहा। इससे वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों की स्पष्ट दृश्यता मिल सकेगी। सड़क पर ऊंचे-नीचे सीवर चैंबरों को चिह्नित कर उन्हें सड़क की सतह के बराबर कराने के निर्देश भी दिए।

दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक, रोड मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने को कहा गया। आईआईटी कानपुर से गोल चौराहा मार्ग पर यातायात सुचारू रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि नगर निगम ने अस्थायी अतिक्रमण हटाए हैं और 108 अतिक्रमणकर्ताओं को दूसरी नोटिस दी गई है।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ, बीएसए समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप