सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कल्याण का रखा जाए विशेष ध्यान : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और कल्याण के साथ उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। स्वास्थ्य जांच के साथ सफाई मित्रों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभ दिलाया जाए। यह निर्देश बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने दिए।
स्वच्छता ही सेवा-2026 कार्यक्रम के तहत मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सफाई मित्रों के हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में सफाई मित्रों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना, सरकारी कर्मचारी समस्या निवारण केंद्र, सेवा संकल्प अभियान और हक दर्शक योजना शामिल रहीं।
इन स्टॉल के माध्यम से सफाई मित्रों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। शिविर के माध्यम से कुल 226 सफाई मित्र लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त ने किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त द्वितीय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

