वाराणसी और जम्मूतवी के बीच होगा स्पेशल ट्रेन का संचालन
वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल 18 को , जम्मूतवी-वाराणसी स्पेशल 19 अक्टूबर काे चलेगी
मुरादाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे वाराणसी और जम्मूतवी के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा। ट्रेन संख्या 04231 वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल 18 अक्तूबर को और ट्रेन संख्या 04232 जम्मूतवी-वाराणसी स्पेशल 19 अक्तूबर को संचालित होगी। दोनों ट्रेनें एक-एक फेरा लगाएंगी।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि वाराणसी से चलने वाली ट्रेन संख्या 04231 दोपहर 1ः40 बजे वाराणसी से रवाना होगी। यह अगले दिन रात 2ः50 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी और रात 3 बजे रवाना होगी। इससे पहले ट्रेन रात 12ः10 बजे शाहजहांपुर और रात 1ः08 बजे बरेली पहुंचेगी। मुरादाबाद से आगे ट्रेन सुबह 6ः05 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। इसके बाद अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट और पठानकोट कैंट होते हुए दोपहर 3ः20 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।
वहीं, जम्मूतवी से चलने वाली ट्रेन संख्या 04232 शाम 5 बजे जम्मूतवी से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4ः40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी और 4ः50 बजे रवाना होगी। ट्रेन सुबह 6ः08 बजे बरेली और 7ः18 बजे शाहजहांपुर पहुंचेगी। इसके बाद लखनऊ, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम जंक्शन और जौनपुर होते हुए शाम 5ः40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

