home page

स्पार्क हैक 2026 का भव्य शुभारंभ, देशभर से 128 टीमों की भागीदारी

 | 
स्पार्क हैक 2026 का भव्य शुभारंभ, देशभर से 128 टीमों की भागीदारी


मथुरा, 31 मार्च (हि.स.)। संस्कृति विश्वविद्यालय के संतोष मेमोरियल ऑडिटोरियम में मंगलवार काे स्पार्क हैक 2026 का भव्य शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुरूप मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। 24 घंटे अनवरत चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर से कुल 128 टीमों ने भाग लिया है। स्पार्क हैक में कई कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराकर इस आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. रघुरामा भट्ट ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने अपने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला और 24 घंटे के इस हैकाथॉन में भाग लेने वाले सभी युवा प्रतिभागियों को बधाई दी।

हैक ब्रिवेन कंपनी के सह संपादक अमित दुबे ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए हैकाथॉन से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने ट्राई प्लेटफॉर्म की विशेषताओं, विशेषकर एआई आधारित कोडिंग के बारे में विस्तार से बताया और प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि यह आयोजन उनके सीखने और कार्यान्वयन क्षमता को मजबूत करेगा।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. एम.बी. चेट्टी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने विचारों के विकास, प्रोटोटाइप निर्माण और उनके व्यावसायीकरण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीम में रहकर और साथ मिलकर चर्चा करने से बेहतर विचार उत्पन्न होते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को टीमवर्क, निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया और अंत में स्पार्क हैक 2026 के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।

उद्घाटन सत्र का समापन डॉ. पंकज गोस्वामी, संयोजक, स्पार्क हैक 2026 द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, कुलपति प्रो. एम.बी. चेत्ती, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. रघुरामा भट्टा, डीन अकादमिक प्रो. रैनू गुप्ता, सभी डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, प्रशासनिक स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रतिभागियों एवं छात्र स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, छात्र परिषद के अध्यक्ष श्री यश श्रीवास्तव को विशेष रूप से धन्यवाद दिया।

यह हैकाथॉन अगले 24 घंटों तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिभागी अपने नवाचार और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते रहेंगे। यह आयोजन ट्राई द्वारा प्रायोजित एवं हेक ब्रिवेन द्वारा सह-प्रायोजित है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार