लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत सपा चलाएगी जनजागरूकता अभियान : राकेश मौर्य
जौनपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाने की घोषणा की है। शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बताया कि इस दौरान ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ के संदेश के साथ जनजागरूकता और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जा चुकी है। इसके बाद विधानसभा वार बैठकें कर मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया से जुड़े विषयों को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में अपनाई गई कुछ प्रक्रियाओं और निर्णयों को लेकर अपनी आपत्तियां जनता के बीच रखेगी। पार्टी का आरोप है कि इनसे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार ज्ञानेश कुमार वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के चौथे चरण में जनपद स्तर पर मार्च निकाला जाएगा। कार्यकर्ता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शन और सभा के माध्यम से अपनी मांगें रखेंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव, मोहम्मद अरशद खान, जिला महासचिव आरिफ हबीब समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

