जंतर मंतर पर हुई लाठी चार्ज की घटना पर सपा ने आल्हा चौक पर किया धरना प्रदर्शन
महोबा, 21 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में जंतर मंतर पर हुई लाठी चार्ज की घटना के विरोध करते हुए समाजवादियाें ने मंगलवार काे जनपद मुख्यालय में सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से सरकार को भंग कर देश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की गई है।
मंगलवार को जनपद मुख्यालय में अम्बेडकर पार्क में जुटे समाजवादी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने आल्हा चौक पर धरना प्रदर्शन कर सदर तहसील पहुंच राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर शिवध्यान पाण्डेय को सौंपा है। इस दौरान जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने कहा कि क जब से भाजपा देश व प्रदेश में सत्तारूढ़ हुई तब से अत्याचार,भ्रष्टाचार, उत्पीड़न, अपराध और महंगाई बढ़ ग़ई है। महिलाएं किसान ,नौजवान, बेरोजगार व्यापारी सभी परेशान है ।
आम आदमी महंगाई के कारण अपने परिवार का भरण पोषण नहीं कर पा रहा है । स्कूल बंद किये जा रहे हैं सरकारी प्रतिष्ठान एक-एक कर बेचे जा रहे हैं। व्यापारी व्यापार नहीं कर पा रहा है । फर्जी एनकाउंटर का बोलबाला है ,कानून व्यवस्था ध्वस्त है । पेपर लीक हो रहे हैं यह सिस्टम की गलती है या सोची समझी सरकार की रणनीति है ।
इसके साथ ही ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पर्यावरण बिद सोनम वांगचुक के समर्थन में देश के युवा , युवतियां जंतर मंतर दिल्ली पहुंचे, पहले तो उन्होंने बारिश का सामना किया और फिर सुरक्षाबलों और पुलिस ने बेरहमी से लाठी चार्ज करते हुए तमाम छात्र छात्राओं व आम लोगों को घायल किया है ।
इस पूरे प्रकरण की हम निंदा करते हैं और ऐसी तानाशाही सरकार को भंग कर देश में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की मांग की गई है। धरना प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी, पूर्व जिलाध्यक्ष कुंभकरण यादव, समाजवादी व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार साहू, शाहिद अली राजू, प्रेम विश्वकर्मा, महासचिव ताहिर उद्दीन सिद्दीकी पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे हैं।
-------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

