home page

बिजली बिल में बढ़ोतरी के विरोध में सपा का प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना

 | 
बिजली बिल में बढ़ोतरी के विरोध में सपा का प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना


देवरिया, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरहज विधानसभा क्षेत्र में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने बिजली बिल में 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में थाली बजाकर प्रदर्शन किया। बरहज-देवरिया मार्ग पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सपा नेता विजय रावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए इसे जनविरोधी निर्णय बताया।

विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने के बजाए

महंगाई की आग में झोंकने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार होने के बावजूद महंगाई लगातार बढ़ी है। सरकार ने महंगाई कम करने और जनता को बेहतर सुविधाएं देने के वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम किया गया।

सपा नेता ने कहा कि बिजली की दरों और सरचार्ज में वृद्धि से आम उपभोक्ताओं, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है, वहीं दूसरी तरफ महंगे बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। यह स्थिति जनता के लिए दोहरी परेशानी पैदा कर रही है।

विजय रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली बिल में बढ़ोतरी और सरचार्ज वापस नहीं लिया गया तो समाजवादी पार्टी जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन के माध्यम से जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने की मांग की। इस मौके पर सजीव तिवारी, राहुल सिंह, पवन पांडेय, अजीत सिंह, अमित प्रधान, प्रदीप सिंह, वीरेंद्र चौधरी, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक