home page

जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा के किया प्रदर्शन, राज्यपाल काे संबाेधित ज्ञापन साैंपा

 | 
जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा के किया प्रदर्शन, राज्यपाल काे संबाेधित ज्ञापन साैंपा


जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा के किया प्रदर्शन, राज्यपाल काे संबाेधित ज्ञापन साैंपा


देवरिया, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल काे संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए विश्वविद्यालय की इमारतों पर प्रस्तावित कार्रवाई रोकने और मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की। वहीं बरहज विधानसभा क्षेत्र स्थित बीआरडी पीजी कॉलेज में जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया

गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष जैनुल अख्तर अंसारी ने किया। दोपहर करीब दो बजे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को बिना स्वीकृत नक्शे के निर्मित बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया है। लेकिन इसके निर्माण या भूमि संबंधी कोई अनियमितता है तो उसका समाधान कानून के तहत जुर्माना या अन्य वैधानिक प्रक्रिया अपनाकर किया जाना चाहिए, न कि शैक्षणिक संस्थान को ध्वस्त करके।

सपा नेताओं ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्र-छात्राओं की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा संस्थान है। यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है तो वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई, डिग्री और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि किसी भी प्रशासनिक निर्णय से पहले विद्यार्थियों के हित, शिक्षा व्यवस्था और जनहित को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर उचित निर्णय लिया जाए।

सपा छात्र सभा ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

इसी क्रम में समाजवादी छात्र सभा ने बरहज विधानसभा क्षेत्र स्थित बीआरडी पीजी कॉलेज में मौलाना जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मनोज यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)

सरकार शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बड़े पैमाने पर प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया गया और अब जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र और नौजवान इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे तथा इस़के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

सपा नेता विजय रावत ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार से वंचित करने के साथ-साथ शिक्षा के अवसर भी कम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राथमिक विद्यालयों के विलय के बाद अब विश्वविद्यालयों को भी प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका प्रदेश का युवा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, शिक्षक, विद्यार्थियों और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों से हस्ताक्षर कराकर विश्वविद्यालय के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई गई। अभियान में विकास यादव, अनिल सिंह, संजय तिवारी, पंकज मिश्रा, राम प्रसाद शर्मा, अनिल मिश्रा सहित समाजवादी छात्र सभा और समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक