home page

गाजीपुर के पीड़ित परिवार काे 50 लाख मुआवजा दे सरकार : हाजी फजल महमूद

 | 
गाजीपुर के पीड़ित परिवार काे 50 लाख मुआवजा दे सरकार : हाजी फजल महमूद


कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर में नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ’ की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए, अन्यथा पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी।

यह बातें सोमवार को समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कही। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं ने एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को संबोधित मांग पत्र सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

इस मांग पत्र में सपा की ओर से पांच प्रमुख मांगें रखी गईं। इसमें स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले के मामले में कार्रवाई की मांग शामिल है। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिन्टू, रोहित विश्वकर्मा, मोनू विश्वकर्मा, नंदलाल जयसवाल, फैसल महमूद, सत्यनारायण गहरवार, आंनद शुक्ला, प्रीतम सिंह,वीरू पासवान आदि लोग मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप