home page

विधायक शलभमणि के बचाव में उतरी सुभासपा, राघवेंद्र बोले- सपा फैला रही भ्रम

 | 
विधायक शलभमणि के बचाव में उतरी सुभासपा, राघवेंद्र बोले- सपा फैला रही भ्रम


- अखिलेश यादव को बताया दगे हुए कारतूस, न आवाज में दम और न ही बात में असर

लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के सदर विधायक भाजपा प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी पर लगे आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विधायक शलभमणि पर समाजवादी पार्टी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के बीच सुभासपा ने खुलकर उनका बचाव किया है। सुभासपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र राम द्विवेदी ने बिना तथ्यों के आरोप लगाने को गलत ठहराते हुए सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर झूठी बयानबाजी और राजनीतिक द्वेष फैलाने का आरोप लगाया है।

राघवेंद्र द्विवेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा कि सिर्फ बयानबाजी और दिखावे की राजनीति से सच नहीं बदलता। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के कुछ प्रवक्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दगे हुए कारतूस बन चुके हैं। न आवाज में दम है और न ही बात में असर।

सुभासपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राघवेंद्र राम द्विवेदी ने कहा कि बिना ठोस तथ्यों के आरोप लगाना सिर्फ राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सपा इस मुद्दे को तूल देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। जबकि सच्चाई से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के बीच सक्रिय रहकर काम करने वाले जनप्रतिनिधियों को बदनाम करना लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है। सुभासपा हमेशा सच और जनहित के साथ खड़ी रही है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश