home page

सपा जिलाध्यक्ष व कोतवाल आपस में तीखी बहस, एक दूसरे को चूड़ी पहनने की कही बात

 | 
सपा जिलाध्यक्ष व कोतवाल आपस में तीखी बहस, एक दूसरे को चूड़ी पहनने की कही बात


रायबरेली,17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली शहर में गुरुवार को समाजवादी पार्टी(सपा) के जिलाध्यक्ष व शहर कोतवाल की एक दूसरे से तीखी बहस हाे गई। दोनों ने एक दूसरे को चूड़ी पहनने की बात भी कही। हालांकि कुछ देर बाद अधिकारियों के आने के बाद मामला शांत हुआ।

दरअसल सपा छात्र सभा के सदस्य फ़िरोज़ गांधी डिग्री कॉलेज के गेट के पास सदस्यता व छात्र जागरूकता अभियान के लिये शिविर लगाये थे। वहीं कॉलेज कैम्पस में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एबीवीपी) के भी पदाधिकारी सदस्यता अभियान चला रहे थे। इसी बीच दोनों संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाया।

सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी करने में जुट गई। इस बीच सपा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र सिंह यादव भी कई कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंच गए। घटना को लेकर सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह के बीच भी तीखी बहस व धक्का-मुक्की हुई। दोनों एक दूसरे को चूड़ी पहनने की बात कहने लगे, जिससे वहां माहौल गर्म हो गया। नाराज़ एबीवीपी कार्यकर्ता सड़क और कॉलेज गेट पर धरने पर बैठ गए।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक आशीष निगम, सिटी मजिस्ट्रेट रामअवतार माैके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया बुझाया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार सदस्यता अभियान को लेकर दो संगठन भिड़ गए थे, जिन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया गया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे